सेवा संकल्प अभियान के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
Gargachary Times
23 September 2026, 19:02
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दाऊदयाल महिला महाविद्यालय, फिरोजाबाद में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकारों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने की। शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। एडीएम कल्पना जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान के प्रति जागरूक होने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
एसडीएम अवधेश निगम ने कहा कि मतदान अधिकार के साथ जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पाण्डेय ने विद्यार्थियों से मतदाता जागरूकता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाने की अपील की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने विद्यार्थियों में प्रारंभ से ही मतदाता जागरूकता एवं नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया।
ईएलसी सहायक नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मताधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देकर जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।
कार्यक्रम में सभी विधानसभाओं के ब्रांड एंबेसडर कमलकांत पालीवाल, मूवी शर्मा, विनीत चौधरी एवं दिनेश राजा ने भी सहभागिता की और युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान दाऊदयाल डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक एवं मतदाता जागरूकता गीत प्रस्तुत किए। महात्मा गांधी बालिका महाविद्यालय की छात्राओं ने भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदान की उपयोगिता और जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी का संदेश दिया। डीएवी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मतदान जागरूकता गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से मतदान, मतदाता अधिकार, लोकतंत्र और जिम्मेदार नागरिकता से जुड़े संदेश भी दिए।
प्राचार्य डॉ. रेनू वर्मा एवं डिग्री कॉलेज की नोडल अधिकारी डॉ. कांति शर्मा ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. रूपा चिटर्जी, डॉ. ऋषि कुमार, प्रो. विनीता यादव, डॉ. सरिता रानी, डॉ. नम्रता वर्मा, अवनीश कुमार, प्रो. विनीता गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों का सहयोग रहा। संचालन माधवी सिंह ने किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा पात्र नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान “युवा शक्ति, लोकतंत्र की शक्ति” और “सशक्त मतदाता, सशक्त लोकतंत्र, समृद्ध भारत” जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।