हाईवे पर मौत का तांडव: ट्रक ने युवती को रौंदा, भाई-चाची घायल
Gargachary Times
23 September 2026, 19:03
49 views
Mathura
फरह। मथुरा-आगरा हाईवे पर बुधवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। फरह थाना क्षेत्र के गांव पौरी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवती की ट्रक के नीचे आकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका सगा भाई और चाची गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक गांव पौरी निवासी भाई-बहन अपनी चाची के साथ बाइक से रैपुरा जाट बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे मथुरा से आगरा जाने वाले मार्ग पर पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसा इतना भयानक था कि सड़क पर गिरी युवती पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने दिल्ली-आगरा हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची फरह पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस फरार ट्रक और अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।