Loading...

जसराना में आयोजित रोजगार मेले में 567 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार

Gargachary Times 23 September 2026, 19:03 53 views
Firozabad
जसराना में आयोजित रोजगार मेले में 567 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार
फिरोजाबाद। जिला सेवायोजन कार्यालय, फिरोजाबाद द्वारा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत सोमवार, 23 सितंबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र जसराना स्थित लोक राष्ट्रीय महाविद्यालय में एकदिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख श्रीमती संध्या राजपूत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ने जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा लोक राष्ट्रीय महाविद्यालय में रोजगार मेले के आयोजन की सराहना की। उन्होंने प्रतिभागी नियोजकों का आभार व्यक्त करते हुए बेरोजगार अभ्यर्थियों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 18 कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया। रोजगार पाने के लिए कुल 1156 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन बेरोजगार अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद कुल 567 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से रोजगार के लिए चयन किया गया। मेले के दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी, फिरोजाबाद ने अभ्यर्थियों को सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं रोजगार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।इस अवसर पर राजकीय आईटीआई, शिकोहाबाद के प्रधानाचार्य, लोक राष्ट्रीय महाविद्यालय जसराना का समस्त स्टाफ तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।
Follow Samachar24