Loading...

बाजारों और मोहल्लों में पहुंची पुलिस, महिलाओं को किया सुरक्षा के प्रति जागरूक

Gargachary Times 24 September 2026, 20:23 60 views
Mathura
बाजारों और मोहल्लों में पहुंची पुलिस, महिलाओं को किया सुरक्षा के प्रति जागरूक
फरह। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना फरह पुलिस की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने कस्बे के बाजारों और विभिन्न मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं, बालिकाओं और युवाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। टीम ने स्कूल-कॉलेजों के अलावा मुख्य बाजार और मोहल्लों में जाकर महिला संबंधी अपराध, घरेलू हिंसा और कानूनी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने युवाओं को प्रेम प्रसंग के चलते बिना बताए घर से चले जाने और ऐसे मामलों में परिजनों द्वारा गलत सूचना या झूठे मुकदमे दर्ज कराने के दुष्परिणामों के बारे में भी समझाया। एंटी रोमियो टीम ने साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सलाह दी। टीम ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करने की अपील की। इस दौरान महिलाओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने आपात स्थिति में मदद के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा और 108 एंबुलेंस सेवा के बारे में बताया। थाना प्रभारी छोटे लाल ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बालिकाओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या असुरक्षा होने पर महिलाएं बिना झिझक हेल्पलाइन पर संपर्क करें, पुलिस तत्काल सहायता देगी।
Follow Samachar24