Loading...

मंडलीय समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Gargachary Times 24 September 2026, 20:30 48 views
Firozabad
मंडलीय समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, आयुक्त ने दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त आगरा मंडल आगरा नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष बंसल, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी सहित मुख्य विकास अधिकारी एवं मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगरा मंडल के चारों जिलों में संचालित विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने अंत्येष्टि स्थल निर्माण की स्थिति जानी। वर्ष 2026-27 के लिए आगरा में 17 के लक्ष्य के सापेक्ष सात, मैनपुरी में 10 और फिरोजाबाद में 12 स्थलों का चयन किया जा चुका है, जबकि मथुरा में स्थल चयन की प्रक्रिया लंबित है। मंडलायुक्त ने उपनिदेशक पंचायती राज को मथुरा में स्थल चयन शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। वर्ष 2025-26 में मैनपुरी और फिरोजाबाद में अंत्येष्टि स्थल निर्माण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। पंचायत उत्सव भवन के लिए आगरा के फतेहाबाद और फिरोजाबाद के टूंडला में स्थल चयन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। तालाब पट्टों की धनराशि ग्राम निधि में हस्तांतरित करने के लिए राजस्व पोर्टल पर नीलामी एवं जमा धनराशि का विवरण अपडेट करने तथा तहसीलों से समन्वय कर प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल एवं फर्नीचर व्यवस्था की जानकारी ली गई। मथुरा और फिरोजाबाद के सभी विद्यालयों में फर्नीचर आपूर्ति पूर्ण होने पर मंडलायुक्त ने आगरा और मैनपुरी में भी शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के लिए एडी बेसिक को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि अगस्त तक आगरा में 81.40 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 90.66 प्रतिशत, मथुरा में 84.67 प्रतिशत और मैनपुरी में 89.35 प्रतिशत लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। मंडलायुक्त ने शेष लाभार्थियों का भी शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड निर्माण में आगरा 64.91, फिरोजाबाद 70.06, मथुरा 65.51 और मैनपुरी 73.51 प्रतिशत की प्रगति पर रहा। उन्होंने शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मंडल के लिए 3986 आवासों का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें आगरा को 803, मथुरा को 599, फिरोजाबाद को 1427 और मैनपुरी को 1157 आवास आवंटित किए गए हैं। अब तक 3162 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मंडलायुक्त ने शेष आवासों को तत्काल स्वीकृत कर प्रथम किस्त लाभार्थियों के खातों में भेजने तथा निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। बीबीजी रामजी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की संख्या 318 से बढ़ाकर 375 किए जाने की जानकारी दी गई। मंडलायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कराने तथा केंद्र-राज्य के 60:40 वित्तीय अनुपात का पालन करते हुए पात्र ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और एक जनपद एक उत्पाद योजना की समीक्षा में बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि युवा उद्यमियों के ऋण आवेदन बिना ठोस एवं वैधानिक कारण के निरस्त न किए जाएं। स्वीकृत ऋणों का वितरण भी अनावश्यक रूप से लंबित न रखने को कहा गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में महिला बाल सम्मान कोष और बालिका सम्प्रेषण गृह की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं शादी अनुदान योजना के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से स्थलीय सत्यापन कर पात्र लाभार्थियों को जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा गया। मंडलायुक्त ने आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए कहा कि जुलाई की तुलना में अगस्त में सभी जिलों की रैंकिंग में सुधार हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करने, स्थलीय निरीक्षण करने और शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने तक आईजीआरएस शिकायत का निस्तारण पूर्ण नहीं माना जाएगा। मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के अंत में जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा ने मंडलायुक्त एवं सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए।
Follow Samachar24