सिद्धि विनायक महाविद्यालय की गणेश विसर्जन शोभायात्रा में उमड़ा भक्ति का सैलाब, डांडिया, महारास और मनमोहक झांकियों ने समां बांधा
Gargachary Times
25 September 2026, 20:11
47 views
Mathura
गोवर्धन। ढोल-नगाड़ों की थाप, बैंडबाजों की धुन और गूंजते ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष के बीच शुक्रवार को श्री सिद्धि विनायक महाविद्यालय की गणेश विसर्जन शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। 11 दिवसीय गणेश पूजा महोत्सव के समापन पर निकली शोभायात्रा में आकर्षक झांकियों और छात्राओं के पारंपरिक डांडिया नृत्य, और महारास ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा और आरती करके शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
महोत्सव के समापन पर प्रबंध निदेशक नंदकिशोर शर्मा एडवोकेट, श्रीमती मधु शर्मा, विपुल शर्मा एवं सतीश शर्मा आदि ने रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। हवन-यज्ञ में पूर्णाहुति के बाद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद बिजलीघर तिराहे से विसर्जन शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।
शोभायात्रा में भगवान गणेश की भव्य झांकी के साथ विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। छात्राओं ने डांडिया नृत्य की प्रस्तुति देकर माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की झांकी पर पुष्पवर्षा की और जगह-जगह आरती उतारकर आस्था प्रकट की।
ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों के बीच गणपति के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिरस में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शोभायात्रा का संचालन एलएलबी विभागाध्यक्ष भारत उपाध्याय एडवोकेट एवं खेलकूद प्रभारी दिलीप यादव ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष गडेश पहलवान, पीठाधीश्वर महंत केशवदास महाराज, भागवत व्यास पूर्ण प्रकाश जी महाराज, भागवत व्यास सोमदत्त जी महाराज, प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार शर्मा, विष्णुकांत शर्मा, टीकम सिंह रजावत, भानु अग्रवाल, कुमर पाल सिंह, जयप्रकाश सिंह, पवन कुमार, बंटी चौधरी, याचना शर्मा, प्रियंका तिवारी, नीलम, अर्चना माथुर, उमा शर्मा, बुलबुल कौशिक, दिनेश कौशिक, बालकृष्ण सैनी, प्रकाश ठाकुर, चंद्रशेखर जोशी सहित महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।