Loading...

घर गिरवी रखा, सबने मदद की, फिर भी मौत के आगे हार गया 28 साल का राजकुमार

Gargachary Times 25 September 2026, 20:13 44 views
Mathura
घर गिरवी रखा, सबने मदद की, फिर भी मौत के आगे हार गया 28 साल का राजकुमार
फरह। फरह ब्लॉक के रैपुरा जाट गांव में मातम पसरा है। 28 साल का राजकुमार 7 दिन तक मौत से लड़ता रहा, लेकिन आखिरकार जिंदगी की जंग हार गया। आगरा के अस्पताल में उसकी मौत के साथ ही एक गरीब परिवार की सारी उम्मीदें टूट गईं। घटना 18 सितंबर की शाम की है। राजकुमार अपनी बड़ी बहन से मिलकर ऑटो से गांव लौटा था। रैपुरा जाट के पुल के पास जैसे ही वह ऑटो से उतरा, पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्प्लेंडर प्लस बाइक ने उसे रौंद दिया। सिर में गंभीर चोट और पैर टूटने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। परिजन उसे फरह सीएचसी ले गए, जहां से नाजुक हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। बेटे को बचाने के लिए पिता ने अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया। पिता खुद बीमार हैं, घर में गरीबी है। फिर भी इलाज के लिए घर तक गिरवी रख दिया। रिश्तेदार और गांव वाले भी मदद को आगे आए। सबने दुआएं कीं, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। लाखों रुपये खर्च, गिरवी रखा आशियाना और फिर भी बेटे की लाश गोद में। अब परिवार के पास रोने के सिवा कुछ नहीं बचा है। पिता की बुढ़ापे की लाठी टूट गई, मां का लाल हमेशा के लिए छिन गया। हादसे की खबर सुनते ही रैपुरा जाट में सन्नाटा छा गया। गांव में चूल्हे नहीं जले। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार बाइक चालकों पर लगाम लगाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Follow Samachar24