Loading...

यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, अतिक्रमण हटाकर 7 वाहनों से उतरवाई काली फिल्म

Gargachary Times 25 September 2026, 20:22 48 views
Firozabad
यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, अतिक्रमण हटाकर 7 वाहनों से उतरवाई काली फिल्म
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने शुक्रवार को जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो, वाहनों में लगी काली फिल्म, अतिक्रमण तथा नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालित किए जाने के मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जैन मंदिर के आसपास सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा एवं संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात सुचारू रहे और जाम की स्थिति न बने।इसके अलावा अभियान के दौरान सात वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने की हिदायत दी। यातायात पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए करें। पुलिस ने सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की है।
Follow Samachar24