Loading...

कन्या जन्मोत्सव में 40 नवजात बालिकाओं को मिलीं बेबी केयर किट

Gargachary Times 25 September 2026, 20:24 47 views
Firozabad
कन्या जन्मोत्सव में 40 नवजात बालिकाओं को मिलीं बेबी केयर किट
फिरोजाबाद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत महिला कल्याण, बाल सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के 100 शैय्या चिकित्सालय में कन्या जन्मोत्सव एवं बेबी केयर किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिका जन्म के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना, बालिका भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा कन्याओं की सुरक्षा, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।इस दौरान जिलाधिकारी ने 40 नवजात बालिकाओं को बेबी केयर किट वितरित कीं। नवजात बालिकाओं के जन्म की खुशी में केक कटिंग समारोह भी आयोजित किया गया। नवजात शिशु एवं उनकी माता शालिनी देवी ने केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया। वहीं नवजात बालिकाओं की माताओं को मिठाई एवं बेबी केयर किट प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि परिवार में कन्या का जन्म स्वयं में उत्सव का विषय होना चाहिए। बेटियां दो परिवारों को जोड़ने वाली सेतु का कार्य करती हैं और परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बालिकाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला एवं बालिकाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा बालिकाओं के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नवीन जैन सहित महिला कल्याण एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नवजात बालिकाओं की माताएं एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
Follow Samachar24