आगरा खंड स्नातक-शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदेय स्थलों को लेकर बैठक, 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना
Gargachary Times
25 September 2026, 20:24
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में निर्वाचन दलों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वि. एवं रा. कल्पना जायसवाल, उप जिलाधिकारी अवधेश निगम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि चेतन कुमार (बहुजन समाज पार्टी), विष्णु सक्सेना, शैलेंद्र सिंह, अमित गुप्ता (भाजपा), संदीप ओझा (कांग्रेस), शिवराज सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
बैठक में निर्वाचन की रूपरेखा, मतदान व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा आदर्श आचार संहिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 सितंबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी होगी। 6 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि, 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच तथा 9 अक्टूबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित है। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी मतदाता के लिए मतदान केंद्र की दूरी 16 किलोमीटर से अधिक न हो। सभी मतदेय स्थलों पर पेयजल, प्रकाश, रैंप सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहने तक नए कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा सरकारी योजनाओं अथवा नीतिगत निर्णयों की घोषणा पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी निर्वाचन कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 22 तथा शिक्षक निर्वाचन के लिए 11 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। प्रस्तावित स्थलों में सर्वाधिक 1206 मतदाता फिरोजाबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 61 से 70 तक तथा सबसे कम 261 मतदाता क्षेत्र पंचायत कार्यालय फिरोजाबाद में बताए गए हैं।