Loading...

सिरसागंज पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस समेत आरोपी को किया गिरफ्तार

Gargachary Times 26 September 2026, 19:37 49 views
Firozabad
सिरसागंज पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस समेत आरोपी को किया गिरफ्तार
फिरोजाबाद। अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना सिरसागंज पुलिस ने एक आरोपी को अवैध असलहा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सिरसागंज के नेतृत्व में थाना सिरसागंज पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एनएच-19 स्थित ग्राम भावली बस स्टॉप के पास से जयदेव उर्फ कलुआ पुत्र केशव यादव निवासी ग्राम अब्बासपुर (सहसपुर), थाना नसीरपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा और एक जिंदा 12 बोर कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर थाना सिरसागंज में मुकदमा अपराध संख्या 487/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और हाथरस जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कुलवीर सिंह तरार, कांस्टेबल दीपक पाल और कांस्टेबल यशवीर सिंह शामिल रहे।
Follow Samachar24