Loading...

डीएम ने लाइव स्ट्रीमिंग से देखी गौशालाओं की स्थिति, बारिश को लेकर अधिकारियों को किया अलर्ट

Gargachary Times 26 September 2026, 19:38 52 views
Firozabad
डीएम ने लाइव स्ट्रीमिंग से देखी गौशालाओं की स्थिति, बारिश को लेकर अधिकारियों को किया अलर्ट
फिरोजाबाद। मौसम विभाग द्वारा आगामी दो दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार को जनपद की विभिन्न गौशालाओं की लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से ऑनलाइन समीक्षा की। उन्होंने गौशालाओं की वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और लगातार निगरानी के सख्त निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी गौशाला में जलभराव अथवा अन्य किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं गौशालाओं के नोडल अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर गौशालाओं का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान जिलाधिकारी ने फिरोजाबाद क्षेत्र की कान्हा गौशाला, नगर निगम गौशाला, नगला पान सहाय और वृहद गौ संरक्षण केंद्र उसायनी समेत टूंडला, नारखी, हाथवंत, एका, जसराना, शिकोहाबाद एवं अरांव क्षेत्र की विभिन्न गौशालाओं की स्थिति का जायजा लिया।उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में पर्याप्त हरा चारा, स्वच्छ पेयजल, तिरपाल एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बारिश के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नालियों एवं जल निकासी की व्यवस्था पहले से दुरुस्त रखने को कहा। डीएम ने बीमार एवं अशक्त गोवंश के लिए अलग आइसोलेशन व्यवस्था करने तथा पशु चिकित्सकों के माध्यम से समय से उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशालाओं में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी गौशाला में लापरवाही अथवा अव्यवस्था पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गोवंशों की सुरक्षा एवं गौशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि गौशालाओं की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनाए रखने और जमीनी स्थिति की लगातार निगरानी के लिए लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से समीक्षा आगे भी जारी रहेगी।
Follow Samachar24