जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही पर सख्ती, प्रगति न सुधरी तो एलएनटी को ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी
Gargachary Times
26 September 2026, 19:38
53 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए संचालित योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों, पाइपलाइन बिछाने की प्रगति तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा की गई।
पैकेज-1 के अंतर्गत एनसीसी के कार्यों की समीक्षा में पाया गया कि समग्र कार्य योजना के अनुसार प्रगति पर है, लेकिन रॉ वाटर, रिजर्व वायर, फिल्टर बेड और एमआईबीपीएस जैसे महत्वपूर्ण घटकों का कार्य अपेक्षाकृत धीमा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसी को तत्काल कुशल एवं अकुशल श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर अतिरिक्त मैन पावर लगाने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जा सके।
जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने के दौरान किसानों की फसलों को हुई क्षति के मुआवजे का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।वहीं पैकेज-2 के अंतर्गत एलएनटी द्वारा कराए जा रहे एमआईबीपीएस निर्माण एवं पाइपलाइन कार्य की प्रगति को जिलाधिकारी ने काफी धीमा पाया। विशेष रूप से जरौली, गहरी और सेवल रामपुर क्षेत्रों में कार्य की स्थिति अत्यंत असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यों में शीघ्र अपेक्षित प्रगति नहीं आती है तो संबंधित संस्था को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।