Loading...

रोजगार संगम पोर्टल पर अभ्यर्थी और नियोजक कराएं पंजीकरण: डीएम

Gargachary Times 26 September 2026, 19:39 44 views
Firozabad
रोजगार संगम पोर्टल पर अभ्यर्थी और नियोजक कराएं पंजीकरण: डीएम
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में रोजगार के अवसर बढ़ाने और बेरोजगार अभ्यर्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के अधिक से अधिक बेरोजगार अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल (rojgaarsangam.up.gov.in) पर जॉब सीकर के रूप में पंजीकरण कराया जाए। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि पोर्टल पर पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी समय-समय पर उपलब्ध होने वाली रोजगार मेलों, आउटसोर्सिंग तथा विदेश में नौकरी के अवसरों के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से कुशल, अर्द्धकुशल एवं अकुशल बेरोजगार अभ्यर्थियों को जनपद में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। पंजीकरण पहले से होने पर रोजगार के लिए आवेदन करते समय अंतिम समय में आने वाली परेशानियों का भी निराकरण किया जा सकेगा।बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद के सभी नियोजक भी रोजगार संगम पोर्टल पर नियोजक के रूप में अपना पंजीकरण कराएं। इससे विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी पोर्टल के माध्यम से अभ्यर्थियों तक पहुंचाई जा सकेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रोजगार मिशन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा अधिक से अधिक युवाओं एवं नियोजकों को पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए।
Follow Samachar24