Loading...

दीनदयाल धाम में जुटे दिग्गज, स्मृति महोत्सव मेले को लेकर हुआ मंथन

Gargachary Times 27 September 2026, 20:15 64 views
Mathura
दीनदयाल धाम में जुटे दिग्गज, स्मृति महोत्सव मेले को लेकर हुआ मंथन
फरह। दीनदयाल धाम नगला चंद्रभान एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति महोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर शनिवार को दीनदयाल धाम में प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मेले को भव्य, दिव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए गहन मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मेला अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि दीनदयाल धाम केवल एक स्थान नहीं, बल्कि पंडित जी के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों का केंद्र है। इस बार मेले को और अधिक आकर्षक बनाया जाएगा। बैठक में मेला समिति के कोषाध्यक्ष जगमोहन पाठक, मंत्री मनीष अग्रवाल, गोवर्धन के पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनूप चौधरी, ठाकुर सुल्तान सिंह, कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, संगोष्ठी और विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी पंडित जी के जीवन दर्शन से जुड़ सके। मेला समिति ने जल्द ही सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय कर मेले की तैयारियों को गति देने का संकल्प लिया।
Follow Samachar24