यातायात पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान, 7 वाहनों से उतरवाई काली फिल्म
Gargachary Times
27 September 2026, 20:18
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को यातायात पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने “मीट एंड ग्रीट” (Meet & Greet) अभियान के तहत रोडवेज एवं स्लीपर बसों की चेकिंग की। विशेष रूप से महिला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।इसी क्रम में वाहनों पर लगी काली फिल्म के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यातायात पुलिस ने सात वाहनों से काली फिल्म उतरवाई। इसके अलावा ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान पर वाहन खड़ा करने तथा सड़क पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से वाहन संचालित करने के लिए जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए चेकिंग एवं जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।