मिशन शक्ति फेज-05: 36 शोहदों के खिलाफ कार्रवाई, छह परिवारों में कराया समझौता
Gargachary Times
27 September 2026, 20:18
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-05 अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में 36 शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी।जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने प्रमुख चौराहों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में भी जागरूक किया।अभियान के दौरान महिला पुलिस कर्मियों और एंटी रोमियो टीमों ने मंदिरों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों एवं प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। संदिग्ध गतिविधियों में पाए गए युवकों को भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी हिदायत दी गई। महिला पुलिस कर्मियों द्वारा सादा वस्त्रों में संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी भी की जा रही है।पुलिस के अनुसार मिशन शक्ति टीमों द्वारा काउंसिलिंग के माध्यम से छह परिवारों के बीच समझौता भी कराया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा छेड़छाड़ जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना है।थानावार कार्रवाई में अरांव में 2, टूंडला में 2, खैरगढ़ में 5, दक्षिण में 4, नारखी में 1, नगला सिंघी में 1, नसीरपुर में 2, पचोखरा में 3, फरिहा में 2, रजावली में 2, रसूलपुर में 2, सिरसागंज में 3, रामगढ़ में 2, लाइनपार में 3 तथा शिकोहाबाद में 2 शोहदों को चेतावनी दी गई। पुलिस के अनुसार कुल 36 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एंटी रोमियो टीमों का अभियान लगातार जारी रहेगा।