विश्व पर्यटन दिवस पर नीब करोरी धाम पहुंचे 120 विद्यार्थी, डीएम ने किया संवाद; ज्ञान और मानवता का दिया संदेश
Gargachary Times
27 September 2026, 20:18
32 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल नीब करोरी धाम में आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय, सिरसागंज के 120 विद्यार्थियों के साथ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के सांस्कृतिक एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए और उनसे भी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर संवाद को रोचक बनाया।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि ज्ञान अर्जित करना निरंतर और सतत प्रक्रिया है। ज्ञान प्राप्त करने की कोई उम्र नहीं होती। उन्होंने प्रसिद्ध अंग्रेजी कहावत “When you know more, you realise how less you know” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सदैव जिज्ञासु बने रहने, ध्यानपूर्वक सुनने तथा अपने करियर के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की तुलना कच्चे घड़े से करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर वे ज्ञान और जानकारी को और प्रभावी ढंग से आत्मसात कर आगे बढ़ सकते हैं। संवाद के दौरान बाबा नीब करोरी के जीवन सिद्धांतों तथा कैंची धाम, वृंदावन और ऋषिकेश सहित उनसे जुड़े विभिन्न स्थलों पर चर्चा हुई। सही उत्तर देने वाले छात्र नितेश को मंच पर सम्मानित किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा नीब करोरी के सभी से प्रेम करने, असमर्थ लोगों की सेवा करने, ईश्वर में अटूट विश्वास रखने और सदैव सत्य के मार्ग पर चलने के सिद्धांतों को विद्यार्थियों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि बाबा के संदेशों को अधिक से अधिक लोग अपने जीवन में अपनाएं, तभी समाज में शांति स्थापित हो सकती है। उन्होंने कहा कि नीब करोरी धाम धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ ही जनपदवासियों के लिए ऐसा स्थान है, जहां आकर मानवता और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आर्य गुरुकुल संस्कृत महाविद्यालय सिरसागंज के 115 विद्यार्थियों एवं पांच शिक्षकों के दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में होमस्टे संचालक देवेश कुमार, शशिकांत सौरभ, काका शिवाजी एवं हेमंत को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव, गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज के प्राचार्य सत्यकांत तोमर, खंड विकास अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवाकांत पलिया ने किया।