समाजवादी पार्टी की विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक चुनाव की तैयारी में लेकर पार्टी विधायकों और प्रत्याशियों के साथ बैठक
Gargachary Times
28 September 2026, 19:49
66 views
Lucknow
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक चुनाव की तैयारी में लेकर पार्टी विधायकों और प्रत्याशियों के साथ बैठक की। बैठक में कई फैसले लिए गये।
बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने जा रही है। कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लागू की जाएगी। सरकार पुरानी पेंशन पर काम करेगी। समाजवादी पार्टी इसे अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नेताजी के समय से शिक्षकों के लिए काम करती रही है। जब भी मौका, मिला समाजवादी पार्टी ने शिक्षकों के हित में फैसले लिये। समाजवादी पार्टी सरकार ने वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय के लिए बजट में दो सौ करोड़ रूपये दिए थे। आने वाले समय में बजट में मानदेय के लिए व्यवस्था करेंगे। शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं तदर्थ प्रधानाचार्यों के वेतन सम्बंधी धारा 12,18,21 को बहाल किया जाएगा। भाजपा सरकार ने मदरसों के साथ भेदभाव किया है। तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए नफरत फैलाने का काम किया है। समाजवादी पार्टी की सरकार में मदरसों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। आधुनिक मदरसा शिक्षकों का वेतन बहाल किया जाएगा। बकाया वेतन का भुगतान किया जाएगा।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में मदरसा शिक्षकों के साथ ही संस्कृत शिक्षकों के साथ भेदभाव हुआ है, समाजवादी पार्टी सरकार ने पहले भी संस्कृत शिक्षकों के लिए फैसला लिया था। आने वाले समय में संस्कृत विद्यालयों की समस्याओं का समाधान होगा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने शिक्षामित्रों को आधी-अधूरी नौकरी दी थी। शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाकर वेतन बढ़ाकर सम्मान देने का काम समाजवादी पार्टी की सरकार में हुआ था। आने वाले समय में शिक्षामित्रों को शिक्षक बनाकर सम्मान देने का काम किया जाएगा।
श्री अखिलेश यादव यादव ने कहा कि भाजपा रूढ़िवादी, पुरातत्ववादी और नकारात्मक है। भाजपा सरकार ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालयों को बर्बाद कर दिया। राजकीय विद्यालयों का पतन हो गया है। समाजवादी सरकार में हम राजकीय विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करेंगे। इसके साथ समाजवादी पार्टी की सरकार में विद्यालयों में सेमेस्टर सिस्टम खत्म करेंगे। अनुदेशक, रोजगार और आंगनबाड़ी की समस्याओं का समाधान करेंगे। इन वर्गों की मांगों को समाजवादी पार्टी घोषणा पत्र में शामिल करेगी। प्रतियोगी छात्रों के लिए नौकरियों को कलेण्डर जारी करेंगे।
श्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक क्षेत्र चुनाव में समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों का परिचय करते हुए उन्हें जिताने की अपील की। उन्होंने मिर्जापुर, वाराणसी शिक्षक खंड के प्रत्याशी, वर्तमान एमएलसी श्री लाल बिहारी यादव, लखनऊ खंड शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी श्री सुशील कुमार, आगरा खंड शिक्षक क्षेत्र के प्रत्याशी श्री प्रकाशचन्द्र गुप्ता, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से श्री कमलेश यादव, मुरादाबाद-बरेली शिक्षक क्षेत्र से श्री दानिश अख्तर, मेरठ खंड शिक्षक क्षेत्र से श्री नितिन तोमर और वाराणसी खंड स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी वर्तमान एमएलसी श्री आशुतोष सिन्हा, झांसी स्नातक क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. मान सिंह, आगरा खंड स्नातक क्षेत्र से श्री शशांक यादव, मेरठ खंड स्नातक क्षेत्र से श्री परमिन्दर भाटी, लखनऊ स्नातक क्षेत्र से श्रीमती कांति सिंह को चुनाव जिताने की अपील की।