Loading...

डरें नहीं, गलत हरकत का करें विरोध, बच्चों और माताओं को दी पॉक्सो की जानकारी

Gargachary Times 28 September 2026, 20:16 55 views
Firozabad
डरें नहीं, गलत हरकत का करें विरोध, बच्चों और माताओं को दी पॉक्सो की जानकारी
फिरोजाबाद। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव योगेश शिवा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष विधिक जागरूकता अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय कटरा पठानान में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यालय के बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी प्रतिभाग किया। पराविधिक स्वयंसेविका कल्पना राजौरिया ने बच्चों और माताओं को पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के लिए पॉक्सो कानून बनाया गया है। बच्चों को समझाया गया कि कोई व्यक्ति गलत तरीके से छूने, अश्लील व्यवहार करने, डराने-धमकाने या किसी अनुचित गतिविधि के लिए मजबूर करे तो इसे छिपाने के बजाय तत्काल माता-पिता, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान, अपनी निजी सीमाओं को समझने तथा असहज परिस्थिति में स्पष्ट रूप से विरोध करने के बारे में बताया। बच्चों से कहा गया कि यदि उनके साथ कोई गलत व्यवहार होता है तो इसमें उनकी कोई गलती नहीं है और उन्हें डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। शिविर में माताओं को बच्चों के व्यवहार में अचानक होने वाले बदलावों पर ध्यान देने और उनके साथ खुलकर बातचीत करने के लिए भी जागरूक किया गया। बताया गया कि बच्चों की बात को गंभीरता से सुनना और उनकी शिकायत पर तत्काल उचित कदम उठाना उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी है। पॉक्सो मामलों में बच्चे की पहचान की गोपनीयता बनाए रखना भी कानून का महत्वपूर्ण प्रावधान बताया गया। पीएलवी अश्वनी राजौरिया ने कहा कि बच्चों को कानून की जानकारी होने से वे अपने अधिकारों को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं और किसी भी गलत स्थिति में मदद मांगने का साहस कर सकते हैं। अभिभावकों को बच्चों के लिए विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सेवापथ जनकल्याण समिति की राष्ट्रीय सचिव सीमा गुप्ता, कोषाध्यक्ष योगेंद्र प्रकाश जैन, मोहित चतुर्वेदी, अमित मिश्रा आदि मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों और विद्यालय स्तर पर निरंतर जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया।
Follow Samachar24