Loading...

नौ किसानों की जमीन से हटाया कब्जा, किसान यूनियन ने जताया प्रशासन का आभार

Gargachary Times 28 September 2026, 20:17 53 views
Firozabad
नौ किसानों की जमीन से हटाया कब्जा, किसान यूनियन ने जताया प्रशासन का आभार
फिरोजाबाद। ऑल इंडिया किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश लोधी के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के 353वें दिन नौ किसानों की जमीन से अवैध कब्जा हटाए जाने का दावा किया गया। कार्रवाई के बाद किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को पत्र सौंपकर जिला प्रशासन का आभार जताया। किसान यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार, नौ किसानों की जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें थीं। संगठन की ओर से इन मामलों को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही थी। प्रशासन के सहयोग से किसानों की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश लोधी ने कहा कि किसानों की जमीन से कब्जा हटना उनके संघर्ष की सफलता है। उन्होंने कब्जा हटवाने में सहयोग के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की सराहना करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन आगे भी संघर्ष जारी रखेगा। जिलाध्यक्ष विश्वनाथ लोधी ने कहा कि किसान अपनी जमीन और अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई से प्रभावित किसानों को राहत मिली है। जिला संगठन मंत्री विजय राम लोधी और जिला सचिव यतेंद्र लोधी सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रशासन का धन्यवाद किया। किसान यूनियन ने कहा कि किसानों की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। पदाधिकारियों ने प्रशासन से लंबित शिकायतों का भी शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की।
Follow Samachar24