पुलिस मुठभेड़ में विद्युत तार चोरी का वांछित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Gargachary Times
28 September 2026, 20:18
28 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना नारखी पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस की संयुक्त टीम ने विद्युत लाइनों से तार चोरी की घटनाओं में वांछित हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, तार काटने वाला कटर, बाइक और चोरी के तार बेचकर मिले 5,200 रुपये बरामद करने का दावा किया है।अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के निकट पर्यवेक्षण में विद्युत तार चोरी की घटनाओं के खुलासे और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए थाना नारखी, एसओजी एवं सर्विलांस की टीमों को लगाया गया था।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को विद्युत तार चोरी के मामले में पांच आरोपियों कृष्ण कान्त उर्फ लटूरी, शंकर, छोटे उर्फ छोटू, राजा और स्वरूपचंद को दो बंडल एल्यूमिनियम विद्युत तार तथा घटना में प्रयुक्त मैक्स पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मौके से फरार एक आरोपी की पहचान मानवेन्द्र उर्फ मोनू पुत्र रघुराज सिंह निवासी जरौली कला, थाना टूंडला के रूप में हुई थी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि तार चोरी की घटनाओं में वांछित मानवेन्द्र उर्फ मोनू चोरी के तार बेचकर मिले रुपये लेने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बैंदी की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तार कटर, 5,200 रुपये, एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मानवेन्द्र उर्फ मोनू थाना नारखी में दर्ज मु0अ0सं0 365/2026 एवं 404/2026 में वांछित था। दोनों मामले विद्युत लाइनों से तार चोरी से संबंधित हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध फिरोजाबाद और मथुरा जनपद में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट समेत 25 अभियोग दर्ज हैं।
घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में थाना नारखी के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, निरीक्षक अपराध यशपाल सिंह, एसओजी एवं सर्विलांस प्रभारी मय टीम, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, आकाश कुमार, जयचन्द्र बाबू शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।