यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 47 ऑटो-ई रिक्शा का चालान और 563 वाहनों पर कार्रवाई
Gargachary Times
28 September 2026, 20:18
45 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा, ओवरस्पीड, काली फिल्म तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने जैन मंदिर, एटा चौराहा शिकोहाबाद एवं टूंडला चौराहा पर सड़क के दोनों ओर करीब 50 मीटर के दायरे में ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही ऑटो, ई-रिक्शा एवं ठेलों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर उन्हें वहीं खड़ा एवं संचालित करने के निर्देश दिए गए, जिससे जाम की स्थिति न बने और यातायात सुचारु रहे।
अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर संचालित किए जा रहे 47 ऑटो एवं ई-रिक्शा के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। वहीं 5 वाहनों से काली फिल्म उतरवाई गई, जबकि ओवरस्पीड के मामले में 156 वाहनों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन पर 563 अन्य वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने वाहन चालकों एवं आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं, वाहनों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करें, नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।