संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, हाई रिस्क क्षेत्रों की प्रतिदिन होगी निगरानी
Gargachary Times
28 September 2026, 20:20
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल संचालन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को अभियान में पूर्ण सहयोग करने तथा शासन स्तर से जारी निर्देशों का समय से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। सभी विभाग अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित दायित्वों का समय से निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन ई-कवच पोर्टल पर मरीजों के विवरण की समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक हाई रिस्क क्षेत्र की नियमित निगरानी की जाए। साथ ही लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्त चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम एवं नगर पालिका क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों के साथ संवेदीकरण एवं समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस को भी अभियान में पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सेवा संकल्प अभियान को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान से जोड़कर जनहित में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साफ-सफाई एवं जलभराव की समस्या पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में साफ-सफाई की कमी अथवा जलभराव के कारण संचारी रोग फैलने की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।नोडल अधिकारी संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. पवन कुमार वर्मा ने सभी विभागों को उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए शासनादेश के प्रावधानों को विस्तार से समझाया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी आरसीएच/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल किशोर वर्मा ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को बुखार के मरीजों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, प्राचार्य स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जिला क्षय रोग अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।