गुब्बारों के जरिए बच्चों को समझाया सुरक्षित-असुरक्षित स्पर्श का अंतर
Gargachary Times
29 September 2026, 20:15
39 views
Mathura
वृंदावन। वेणु कवच फाउंडेशन एवं इनाया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सत्यादेवी गर्ग सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से ‘गुड टच एवं बैड टच’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम वेणु कवच फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं इनाया फाउंडेशन की सचिव नितिशा शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि स्थायी लोक अदालत मथुरा की सदस्य प्रतिभा शर्मा ने बच्चों को सरल एवं सहज तरीके से गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी असहज स्पर्श या व्यवहार की स्थिति में तुरंत माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
नितिशा शर्मा ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी परेशानी, असुरक्षा, शोषण अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर इस नंबर पर मदद प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने मनोरंजक तरीके से बच्चों को उनके अधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। मनोवैज्ञानिक निधि गर्ग ने गुब्बारों के माध्यम से बालक-बालिकाओं को सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श के बारे में समझाया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र दत्त शर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया। विद्यालय के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश द्विवेदी ने कार्यक्रम का समापन करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को बच्चों की सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।