मथुरा में साइबर सुरक्षा को लेकर वृहद कार्यशाला, 1000 से अधिक लोगों ने सीखे डिजिटल सुरक्षा के गुर
Gargachary Times
29 September 2026, 20:20
35 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह, डेम्पियर नगर में मंगलवार को साइबर सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर वृहद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन आगरा ने की। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा की मौजूदगी रही।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश साइबर मुख्यालय से आमंत्रित साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन रहे। उन्होंने उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी से बचाव, डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर सुरक्षा के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, एसपीओ, सभी थानों के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा व्यापार मंडल और बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य, समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े संभ्रांत नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यशाला में करीब 1000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर डिजिटल सुरक्षा के गुर सीखे। अधिकारियों ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित माध्यमों से पुलिस तक पहुंचाने पर जोर दिया।