आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में इटावा के डीएफओ समेत दो की मौत
Gargachary Times
29 September 2026, 20:24
46 views
Firozabad
फिरोजाबाद में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए एक सड़क हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी विकास नायक और उनके चालक देवांश की मौत हो गई. ये हादसा फिरोजाबाद जनपद के नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर हुआ. हादसे में चार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका सैफई पीजीआई में इलाज जारी है.
डिप्टी एसपी सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि हरियाणा से लखनऊ की ओर जा रही स्कॉर्पियो-एन में एक दंपती सवार था. सुबह करीब साढ़े दस बजे थाना नगला खंगर क्षेत्र में चालक को कथित तौर पर नींद की झपकी आ गई. इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंची.
इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही स्कॉर्पियो कार की जोरदार टक्कर हो गई. कार में इटावा के डीएफओ विकास नायक, उनका चालक देवांश समेत तीन लोग सवार थे, जो गंभीर रुप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गश्ती टीम, नगला खंगर थाना पुलिस और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची, सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सैफई हास्पीटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान चालक देवांश और डीएफओ विकास नायक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इटावा वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सैफई अस्पताल पहुंचे. हादसे के बाद सुरक्षा टीम ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटाकर पुलिस चौकी भिजवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी. विकास नायक मूल रूप से राजस्थान के नागौर जनपद के रहने वाले थे.
डिप्टी एसपी सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि हादसे में इटावा के डीएफओ समेत दो लोगों की मौत हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वही हादसे की जानकारी के बाद इटावा जिलाधिकारी सभ्रांत शुक्ला भी सैफई हास्पीटल पहुंचे