POCSO जागरूकता अभियान के तहत शिकोहाबाद समेत विभिन्न विद्यालयों में हुआ संवादात्मक कार्यक्रम
Gargachary Times
29 September 2026, 20:26
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा, उनके अधिकारों और विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फिरोजाबाद द्वारा विशेष POCSO जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री योगेश शिवा ने सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), शिकोहाबाद में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, व्यक्तिगत सीमाओं की पहचान, साइबर सुरक्षा तथा अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के संबंध में जानकारी दी गई।
बच्चों को बताया गया कि यदि किसी परिस्थिति में उन्हें डर, असहजता या असुरक्षा महसूस हो तो वे इसे अपने तक सीमित न रखें। माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति से खुलकर अपनी बात साझा करें। उन्हें समझाया गया कि अपनी बात कहना कमजोरी नहीं, बल्कि सुरक्षा की दिशा में पहला कदम है।
अभियान के तहत शिव प्रसाद मेमोरियल मक्खनपुर, जूनियर हाई स्कूल मोड़ा, मक्खनपुर, नगला खन्ना, बजीरपुर जेहलपुर और जमालपुर में भी जागरूकता कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों में बच्चों को POCSO अधिनियम, बाल अधिकार और विधिक संरक्षण की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत, निजी जानकारी साझा करने, संदिग्ध लिंक व संदेशों और सोशल मीडिया के असुरक्षित इस्तेमाल से होने वाले जोखिमों के प्रति सावधान किया गया।
सचिव सुश्री योगेश शिवा ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना परिवार, विद्यालय, शिक्षक और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ अपनी बात रखने के लिए सुरक्षित माहौल देना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि विशेष POCSO जागरूकता अभियान एक अक्टूबर 2026 तक जनपद में संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से बच्चों, शिक्षकों और संबंधित लोगों को बाल सुरक्षा एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।