Loading...

रीको आवासीय कॉलोनी में जलभराव, सफाई और गेट व्यवस्था को लेकर कॉलोनीवासियों ने उठाई आवाज

Gargachary Times 1 October 2026, 19:38 60 views
Dholpur
रीको आवासीय कॉलोनी में जलभराव, सफाई और गेट व्यवस्था को लेकर कॉलोनीवासियों ने उठाई आवाज
धौलपुर, रीको आवासीय कॉलोनी, धौलपुर में लंबे समय से बनी जलभराव, जल निकासी, सड़क, सफाई, पार्क एवं ग्रीन बेल्ट की बदहाल स्थिति सहित अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर कॉलोनीवासियों ने रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक के समक्ष विस्तृत मांग पत्र प्रस्तुत किया है। कॉलोनीवासियों ने समस्याओं का तकनीकी सर्वे कराकर स्थायी समाधान कराने के साथ ही कॉलोनी को पूर्व की भांति गेट बंद कॉलोनी के रूप में व्यवस्थित करने की मांग की है। कॉलोनीवासियों ने पत्र में बताया कि वे पिछले करीब 20 से 25 वर्षों से रीको आवासीय कॉलोनी में निवास कर रहे हैं। पूर्व में कॉलोनी में जलभराव की इतनी गंभीर समस्या नहीं थी, लेकिन मुख्य सड़क का स्तर ऊंचा किए जाने के बाद कॉलोनी के अंदर बार-बार पानी भरने की स्थिति पैदा हो रही है। इससे स्थानीय निवासियों को आवागमन सहित कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में कहा गया है कि पूर्व में शिकायत किए जाने पर रीको अधिकारियों द्वारा इंजन लगाकर करीब चार-पांच बार पानी निकलवाया गया, जिससे तत्काल राहत जरूर मिली, लेकिन कुछ दिनों बाद दोबारा जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि बार-बार अस्थायी रूप से पानी निकलवाना समस्या का समाधान नहीं है। इसके लिए विशेषज्ञों से तकनीकी सर्वे कराकर स्थायी ड्रेनेज एवं नाली व्यवस्था विकसित किए जाने की आवश्यकता है। जहां सड़क का स्तर अत्यधिक नीचा है, वहां तकनीकी आवश्यकता के अनुसार सड़क का लेवल भी ठीक कराया जाए, ताकि बारिश और अन्य पानी कॉलोनी में जमा न हो। कॉलोनीवासियों ने सड़क किनारे उगी जंगली घास-फूस एवं झाड़ियों को हटाने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर इंटरलॉकिंग अथवा पक्का निर्माण कराने की मांग भी की है। उनका कहना है कि इससे न केवल कॉलोनी की साफ-सफाई बेहतर होगी बल्कि जल निकासी व्यवस्था को भी सुचारू बनाया जा सकेगा। इसी तरह कॉलोनी के पार्क एवं ग्रीन बेल्ट में जमा गंदे पानी की तत्काल निकासी कराने और भविष्य में पानी जमा नहीं होने की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है। कॉलोनीवासियों द्वारा स्वयं के खर्चे से लगाए गए पेड़-पौधों को भी जलभराव से नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। इसके साथ ही जलभराव वाले स्थानों पर मच्छरों एवं जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए नियमित रूप से फॉगिंग, कीटनाशक दवा एवं आवश्यक छिड़काव कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में सफाई व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण सवाल उठाया गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि नगर परिषद को समस्या से अवगत कराने पर उन्हें बताया जाता है कि रीको आवासीय कॉलोनी में सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी रीको की है, क्योंकि रीको द्वारा कॉलोनीवासियों से विकास शुल्क लिया जाता है। वहीं दूसरी ओर कॉलोनीवासियों से संबंधित बिलों में सफाई व्यवस्था के लिए उपकर भी वसूले जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद नियमित सफाई एवं सीवर/सेप्टिक टैंक की सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रभावी रूप से नहीं मिल पा रही हैं। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि रीको एवं नगर परिषद आपसी समन्वय से यह स्पष्ट करें कि कॉलोनी में नियमित सफाई तथा सीवर/सेप्टिक सफाई की जिम्मेदारी किस विभाग की है। जिम्मेदारी निर्धारित होने के बाद संबंधित विभाग द्वारा नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दो विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने का खामियाजा आम निवासियों को नहीं भुगतना पड़े। पत्र में कॉलोनी की गेट बंद व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि रीको द्वारा इस कॉलोनी को पूर्व में गेट बंद कॉलोनी के रूप में विकसित किया गया था और उपलब्ध नक्शे में भी इसका उल्लेख है। पूर्व में दिए गए पत्रों के बाद गेट बंद व्यवस्था किए जाने का आश्वासन भी मिला था। वर्तमान में कॉलोनी दोनों ओर से खुली होने के कारण बाहरी व्यक्तियों का अनावश्यक आवागमन होने के साथ जंगली जानवरों के प्रवेश की समस्या भी बनी रहती है। ऐसे में दोनों प्रवेश मार्गों पर गेट लगाकर कॉलोनी को पुनः गेट बंद कॉलोनी के रूप में व्यवस्थित करने की मांग की गई है। कॉलोनीवासियों ने रीको अधिकारियों से 15 दिवस के भीतर स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक तकनीकी सर्वे कराने, समस्याओं के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रत्येक प्रस्तावित कार्य और उसकी समय-सीमा की जानकारी लिखित रूप से कॉलोनीवासियों को उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जलभराव और जल निकासी की समस्या का केवल अस्थायी समाधान करने के बजाय सड़क, ड्रेनेज, पार्क-ग्रीन बेल्ट, नियमित सफाई एवं गेट व्यवस्था सहित सभी समस्याओं का समग्र और स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। ज्ञापन की प्रतिलिपि राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री, राज्यमंत्री, जिला कलेक्टर धौलपुर, आयुक्त नगर परिषद धौलपुर, सभापति नगर परिषद धौलपुर, रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक भरतपुर तथा रीको के संबंधित उच्चाधिकारियों, उद्योग भवन जयपुर को भी प्रेषित की गई है।
Follow Samachar24