Loading...

डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

Gargachary Times 1 October 2026, 20:04 42 views
Firozabad
डीएम ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर अक्टूबर माह में संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने प्रचार-प्रसार वाहनों तथा विद्यालयी छात्र-छात्राओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए जनसहभागिता और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने जनपदवासियों से घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने तथा शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान आशा, एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर भ्रमण कर बुखार के रोगियों की पहचान, टीकाकरण से वंचित बच्चों तथा कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण करेंगे। साथ ही लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग, एंटी-लार्वा गतिविधियां तथा जलभराव वाले स्थानों का चिन्हीकरण और निस्तारण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज विभाग के माध्यम से सफाई अभियान संचालित होगा।जल निगम एवं पेयजल विभाग को सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दूषित जल स्रोतों की पहचान और जल गुणवत्ता परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। वहीं शिक्षा विभाग विद्यालयों में हाथ धोने, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल और रोगों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। बाल विकास विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी करेगा। पशुपालन और कृषि विभाग भी अपने स्तर से आवश्यक गतिविधियां संचालित करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अभियान की गतिविधियों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद को संचारी रोगों से सुरक्षित रखने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। कार्यक्रम में सीएमओ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला सर्विलांस अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्यकर्मी, आशा कार्यकर्त्रियां एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Follow Samachar24