डीएम ने निर्माणाधीन राजकीय बाल गृह का किया औचक निरीक्षण तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश
Gargachary Times
1 October 2026, 20:05
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ग्राम साथी क्षेत्र में निर्माणाधीन राजकीय बाल गृह (बालक) का स्थलीय एवं औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजकीय बाल गृह का निर्माण महिला कल्याण विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड, निर्माण इकाई-4 आगरा द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना की स्वीकृत लागत 1445.57 लाख रुपये (जीएसटी सहित) है, जबकि अनुबंध लागत 1078.50 लाख रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) निर्धारित है। परियोजना के लिए अब तक 500 लाख रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है।
निर्माणाधीन परिसर में जी+2 मंजिला बाल गृह भवन, चार डॉरमेट्री, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) कार्यालय, 494 मीटर लंबी बाउंड्रीवाल, दो एमएस गेट, बोरिंग, बिटूमिन रोड, इंटरलॉकिंग रोड, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और ड्रेन का निर्माण शामिल है। चारों डॉरमेट्री में कुल करीब 100 बालकों के रहने की व्यवस्था प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सके। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी कड़ा रुख अपनाते हुए नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने राजकीय बाल गृह का निर्माण 6 फरवरी 2027 तक तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल भवन नहीं, बल्कि बालकों के भविष्य का आधार है। यहां रहने वाले बच्चों को सुरक्षित और आधुनिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग द्वारा निर्मित डॉरमेट्री हॉल एवं मल्टीपरपज हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पर्यटन अधिकारी विशाल श्रीवास्तव मौजूद रहे।