Loading...

बारिश और आंधी से प्रभावित फसलों का लोधी देवेंद्र सिंह ने किया मुआयना, मुआवजे की मांग

Gargachary Times 1 October 2026, 20:06 40 views
Firozabad
बारिश और आंधी से प्रभावित फसलों का लोधी देवेंद्र सिंह ने किया मुआयना, मुआवजे की मांग
जसराना (फिरोजाबाद)। लक्की अतुर्रा फाउंडेशन जसराना के अध्यक्ष लोधी देवेंद्र सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर भारी बारिश और तेज आंधी से प्रभावित फसलों का स्थलीय मुआयना किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी और प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी तथा तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने की बात किसानों ने बताई। किसानों ने बताया कि फसलें खेतों में बिछ जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका है। इस पर लोधी देवेंद्र सिंह ने किसानों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने शासन और प्रशासन से प्रभावित गांवों में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर तत्काल निष्पक्ष सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसलें अधिक प्रभावित हुई हैं, उन्हें जल्द से जल्द उचित आर्थिक मुआवजा दिलाया जाए। लोधी देवेंद्र सिंह ने किसानों को आगामी फसल की तैयारी के लिए सहायता उपलब्ध कराने और परिस्थितियों को देखते हुए बैंक ऋण की वसूली पर राहत देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि फसल नुकसान की सही स्थिति सामने आने के लिए खेतों का मौके पर सर्वे जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्की अतुर्रा फाउंडेशन किसानों के साथ खड़ा है और प्रशासन से जल्द राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास करेगा। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो फाउंडेशन उनकी मांगों को लेकर आवाज उठाएगा। इस दौरान क्षेत्र के किसान और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Follow Samachar24