जीएल बजाज की फ्रेशर पार्टी में प्रतिभाओं ने बिखेरा रंग, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
Gargachary Times
2 October 2026, 18:32
3 views
Education
मथुरा। जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उत्साहवर्धन के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य और रैम्प वॉक से सजे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपना जलवा दिखाया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराने के साथ वरिष्ठ विद्यार्थियों से आत्मीय एवं सौहार्द्रपूर्ण संबंध स्थापित करना रहा।
फ्रेशर पार्टी का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से हुआ। संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान में विद्यार्थियों का सफर केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और प्रतिभा को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
फ्रेशर पार्टी में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य, रैम्प वॉक सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और टीमभावना को प्रोत्साहन मिला।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में बीटेक पाठ्यक्रम में लक्ष्य सारस्वत को मिस्टर फ्रेशर तथा मुस्कान पाठक को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं एमबीए पाठ्यक्रम में शिवेंद्र को मिस्टर फ्रेशर तथा गरिमा चौधरी को मिस फ्रेशर का खिताब मिला। विजेताओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार विपिन धीमान, प्रो. पंकज शर्मा, प्रो. बी.के. सिंह, प्रो. भोले सिंह, इंजीनियर संजीव सिंह, डॉ. शशि शेखर, डॉ. अजय उपाध्याय, डॉ. अवधेश पांडेय, डॉ. रविंद्र विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवागंतुकों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. शताक्षी मिश्रा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। फ्रेशर पार्टी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों के कॉलेज जीवन की उत्साह, उमंग और नई मित्रता से भरी यादगार शुरुआत कराई।