गांधी जयंती पर पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर निकली प्रभात फेरी, 600 लोगों ने किया प्रतिभाग
Gargachary Times
2 October 2026, 20:16
3 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने 50 विद्यालयों और कॉलेजों में चलाया जागरूकता अभियान।
गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से जनपद न्यायालय परिसर से पॉक्सो अधिनियम-2012 एवं बाल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, न्यायिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, अधिवक्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों सहित करीब 600 लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विकास कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और समानता के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का जीवन प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता का उद्देश्य केवल कानून की जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना भी है। बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा करना परिवार, विद्यालय और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर मथुरा जनपद के करीब 50 विद्यालयों एवं कॉलेजों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, बाल संरक्षण और निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसमें करीब 600 लोगों की सहभागिता बच्चों की सुरक्षा के प्रति समाज की जागरूकता को दर्शाती है।
प्रभात फेरी के माध्यम से आमजन को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के उपरांत जनपद न्यायाधीश विकास कुमार ने प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को रिफ्रेशमेंट पैकेट वितरित किए।