Loading...

गांधी जयंती पर डीएम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान

Gargachary Times 2 October 2026, 20:21 58 views
Firozabad
गांधी जयंती पर डीएम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान
फिरोजाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गुरुवार सुबह कलेक्ट्रेट एवं न्यायालय परिसर में वृहद श्रमदान और स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में सुबह सात बजे शुरू हुए अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं झाड़ू थामकर परिसर की साफ-सफाई की और स्वच्छता का संदेश दिया।कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, उप जिलाधिकारी धर्मवीर भारती सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। कलेक्ट्रेट में श्रमदान के बाद जिलाधिकारी न्यायालय परिसर पहुंचे। यहां आयोजित स्वच्छता अभियान में उन्होंने अधिवक्ताओं के साथ मिलकर श्रमदान किया और परिसर की साफ-सफाई की। प्रशासनिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की संयुक्त सहभागिता ने स्वच्छता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष दिवस पर आयोजित होने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवनशैली और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों को आगे बढ़ाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट और न्यायालय परिसर को निरंतर स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
Follow Samachar24