गांधी-शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में भव्य समारोह, डीएम ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश
Gargachary Times
2 October 2026, 20:22
39 views
Firozabad
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अधिकारियों एवं वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया और आज पूरी दुनिया उनकी जयंती को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाती है। गांधी जी केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ही नहीं, बल्कि महान संत, शिक्षाविद, अर्थशास्त्री और मानवतावादी थे। उन्होंने अन्याय और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए समान अधिकार एवं आत्मसम्मान का संदेश दिया।डीएम ने गांधी जी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेणे कहिये’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा मनुष्य वही है जो दूसरों के दुख और पीड़ा को समझे। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी शास्त्री जी ने देश को प्रभावी नेतृत्व दिया। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी प्रासंगिक है। उनकी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्य सौंपने से पहले उसकी व्यवहारिकता समझने तथा स्वयं आगे बढ़कर नेतृत्व करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यालयों में ‘ला ऑफ इनर्शिया’ यानी जड़त्व के नियम को तोड़ते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट एवं सभी शासकीय कार्यालयों में प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, सर्वधर्म समभाव, सर्वजन सुखाय-सर्वजन हिताय और वसुधैव कुटुंबकम के विचारों को जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सपनों के भारत के निर्माण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी के कंधों पर है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यक्तिगत, सरकारी एवं सामाजिक दायित्व ईमानदारी से निभाने चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट के सफाई कर्मियों को माला पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं स्कूली बच्चों को बैग किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी एवं स्कूली बच्चे मौजूद रहे।