Loading...

बच्चों और महिलाओं को बताए पॉक्सो कानून के सुरक्षा मंत्र, ‘गुड टच-बैड टच’ से लेकर ‘नो-गो-टेल’ तक दी जानकारी

Gargachary Times 2 October 2026, 20:23 3 views
Firozabad
बच्चों और महिलाओं को बताए पॉक्सो कानून के सुरक्षा मंत्र, ‘गुड टच-बैड टच’ से लेकर ‘नो-गो-टेल’ तक दी जानकारी
फिरोजाबाद। राज्यव्यापी पॉक्सो (POCSO) जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), महिला कल्याण विभाग, जन आधार कल्याण समिति एवं महिला उत्थान समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजा का ताल स्थित गांव बैंदी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिला एवं बाल सुरक्षा, पॉक्सो कानून, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने महिलाओं और बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ की जानकारी देने के साथ ‘NO-GO-TELL’ के सुरक्षा मंत्र को समझाया। बच्चों को असहज स्थिति में स्पष्ट रूप से मना करने, वहां से दूर हटने और किसी भरोसेमंद बड़े व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। अभिभावकों से भी बच्चों के व्यवहार में होने वाले बदलावों पर नजर रखने और उनसे संवाद बनाए रखने का आह्वान किया गया। डीएलएसए के पैरा लीगल वालंटियर प्रवीन कुमार शर्मा ने पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि बाल यौन अपराध की जानकारी होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अनम अकाशा ने कहा कि विभाग महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के माध्यम से सहयोग उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को प्रेरित किया। सखी वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदात्री शिक्षा सारस्वत ने बच्चों से संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। अकाउंट असिस्टेंट मोहिनी शर्मा ने बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन बाल यौन शोषण सामग्री से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। शिविर में महिला एवं बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पैंपलेट वितरित किए गए। इनमें विधिक सहायता के लिए 15100, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 सहित अन्य नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विशाल बरगद के वृक्ष पर रेड टेप बांधकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। साथ ही पौधरोपण कर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की शपथ दिलाई गई। महिलाओं और बालिकाओं ने पॉक्सो जागरूकता का संदेश घर-घर पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जन आधार कल्याण समिति के सदस्य विवेक कुमार शर्मा, महिला उत्थान समिति अध्यक्ष रानी तेनगुरिया, रूपा देवी, जमुना देवी, चंद्रवती, गुड्डी देवी, रेखा देवी, ज्योति, वंदना, नेहा, मुन्नी देवी, पूजा, राजकुमारी, मीरा, हेमलता, राधा, ममता, अनुष्का, पायल, तनिषा, असलेखा, महक, प्रिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, किशोरियां एवं बच्चे उपस्थित रहे।
Follow Samachar24