धनगर महासभा ने ग्रामीण महिलाओं और युवाओं को हक-अधिकारों के प्रति किया जागरूक
Gargachary Times
2 October 2026, 20:25
43 views
Firozabad
टुंडला। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर धनगर महासभा उत्तर प्रदेश की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सिकरारी, आलमपुर, हिम्मतपुर, रेमजा और बच्चगांव में शिविर एवं संगोष्ठियों का आयोजन कर महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए धनगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मानव अधिकार संरक्षण संगठन के अध्यक्ष भंवर सिंह धनगर एडवोकेट ने कहा कि जब तक ग्रामीण महिलाएं अपने हक और अधिकारों को नहीं समझेंगी, तब तक समाज और देश का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से आत्मनिर्भर बनने तथा बच्चों को शिक्षित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को त्यागने और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। वहीं युवाओं ने समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ मृत्यु भोज, नशाखोरी, जुआ, बाल विवाह, बाल श्रम और महंगी शादियों जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसके लिए युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। शिविरों में ग्रामीणों को उनके सामाजिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर धनगर महासभा के जिलाध्यक्ष भोले शंकर धनगर, ममता धनगर, करण सिंह धनगर, चंद्रपाल धनगर, रामविलास नगर, गीता देवी धनगर, नीलम धनगर, प्रीति, चंपा देवी, सरोज देवी, खजाना देवी, रेखा देवी, दुर्गेश देवी, लक्ष्मी देवी, राखी, चंचल, सचिन धनगर, डेविड धनगर, मयंक धनगर, प्राची, दिव्यांशु, वरुण, मानव, आयुष, महक, विशाल, नंदनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष एवं युवा मौजूद रहे।