नेतन्याहू की चेतावनी: हमलावर को चुकानी होगी भारी कीमत!
Gargachary Times
2 October 2026, 20:29
42 views
International
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट में पायलट पर हमले के आरोपी ओमानी पायलट को किसने भेजा था, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस घटना के पीछे कोई व्यक्ति या संगठन मिला, तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
इस बीच, वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, विमान पर हमले की घटना से नेतन्याहू को राजनीतिक फायदा मिला है। इजराइल में 27 अक्टूबर को चुनाव होना है। अब तक नेतन्याहू ने चुनाव में पिछड़ रहे थे, हालांकि इस घटना के बाद उन्हें फिर से लोगों का समर्थन मिल रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले से एक दिन पहले नेतन्याहू ने चेतावनी दी थी कि इजराइल पर जल्द हमला हो सकता है। कुछ ही घंटों बाद फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हाईजैकिंग की कोशिश हुई। नेतन्याहू के समर्थकों का कहना है कि उनकी चेतावनी सही साबित हुई, जबकि विपक्ष ने इसे उनकी सरकार की एक और सुरक्षा चूक बताया।
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि आरोपी इस्लामी कट्टरपंथ से प्रभावित था और विमान में सवार सभी यात्रियों के साथ उसे क्रैश कराना चाहता था। नेतन्याहू ने प्लेन में सवार इजराइली यात्रियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने 9/11 जैसे बड़े हमले को होने से रोक दिया।
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात से बैठकें करके लौटने के बाद नेतन्याहू तेल नोफ एयरबेस पहुंचे थे। वहां F-15 लड़ाकू विमान के सामने वीडियो जारी कर उन्होंने कहा था कि इजराइल पर जल्द हमला हो सकता है।
इसके कुछ ही घंटों बाद फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट 1073 में हाईजैकिंग की कोशिश हुई। ओमानी को-पायलट ने कॉकपिट में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया था।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद विमान की सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।