Loading...

जसराना तहसील समाधान दिवस में पहुंचे 184 मामले, 13 का मौके पर निस्तारण

Gargachary Times 3 October 2026, 20:03 38 views
Firozabad
जसराना तहसील समाधान दिवस में पहुंचे 184 मामले, 13 का मौके पर निस्तारण
फिरोजाबाद। तहसील जसराना में शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद, ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारियों ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 184 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपा गया। समाधान दिवस में ग्राम चिड़ई खास निवासी जसवंत सिंह ने ग्रामीण आवास योजना के तहत निर्मित आवास की बकाया मनरेगा मजदूरी का भुगतान न होने की शिकायत की। डीएम ने बीडीओ जसराना को मामले का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। नगला धनी निवासी गंगासिंह ने ओवरलोड और लो-वोल्टेज की समस्या के चलते नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। वहीं नगला कौंस निवासी गंगा देवी ने पेड़ गिरने से टूटे बिजली के पोल को बदलवाने की गुहार लगाई। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गाड़ीवान निवासी मोहन बाबू ने एसबीआई शाखा शिकोहाबाद द्वारा मृतक के गारंटर से वसूली किए जाने की शिकायत की। इस पर डीएम ने लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खेड़ा भाग उडेसर निवासी जयवीर सिंह ने अपने दिव्यांग भाई के सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास योजना से संबंधित मूल प्रमाण पत्र वापस न मिलने की शिकायत की। डीएम ने तहसीलदार और राजस्व निरीक्षक को दस्तावेज वापस कराने के निर्देश दिए। रकुनपुर मढ़ैया निवासी डोरीसिंह ने जलभराव, नाली निर्माण और अवैध कब्जे की शिकायत की। डीएम ने नायब तहसीलदार एवं राजस्व टीम को पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर संयुक्त निरीक्षण कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। 11 माह से नहीं मिली दिव्यांग पेंशन, मौके पर हुआ समाधान नगला घनी निवासी महीपाल ने 11 माह से दिव्यांग पेंशन की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारी ने मामले का त्वरित समाधान कराया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24