Loading...

फिरोजाबाद के 3496 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति की धनराशि

Gargachary Times 3 October 2026, 20:03 45 views
Firozabad
फिरोजाबाद के 3496 छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति की धनराशि
फिरोजाबाद। पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनांतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि उनके आधार सीडेड बैंक खातों में अंतरित की गई। इस अवसर पर लखनऊ स्थित लोक भवन सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद के संबंधित विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में कराया गया। जनपद स्तर पर छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम हाईब्रिड मोड में विकास भवन सभागार, फिरोजाबाद में आयोजित हुआ। इसमें जनपद के पांच विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से छात्रवृत्ति की धनराशि का उपयोग अच्छी पुस्तकों और अपनी शिक्षा पर करने का आह्वान किया, जिससे वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति की धनराशि का सदुपयोग कर अपनी पढ़ाई को बेहतर बनाने की अपील की। पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनांतर्गत जनपद में अनुसूचित जाति के 918, सामान्य वर्ग के 270, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2186 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 122 छात्र-छात्राओं के आधार सीडेड बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि अंतरित की गई। इस प्रकार कुल 3496 छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ मिला। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी निधि सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24