Loading...

जनचौपाल से सीधे संवाद कर हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

Gargachary Times 3 October 2026, 20:04 61 views
Firozabad
जनचौपाल से सीधे संवाद कर हर पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
फिरोजाबाद। विकास खंड एका की ग्राम पंचायत पाढ़म में शनिवार को जनचौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनचौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के निस्तारण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ‘प्रशासन आपके द्वार’ की भावना को साकार करने के लिए गांव-गांव जनचौपाल आयोजित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य, खाद्यान्न, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और स्वरोजगार सहित सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनचौपाल में ऐसे पात्र लोगों का तत्काल पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए, जो अभी तक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने राजस्व लेखपालों को सप्ताह में एक निर्धारित दिन ग्राम पंचायत भवन में उपस्थित रहने तथा पंचायत सचिवों को नियमित रूप से जनसुनवाई करने के निर्देश दिए। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और बच्चों को मानक के अनुरूप पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने को भी कहा। जनचौपाल में लगाए गए शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की जांच कर उपचार किया गया। पूरन सिंह, अर्जुन सिंह, भोले सिंह, छाया देवी, जितेंद्र सिंह, संतोष प्रताप, विद्या देवी, रेशमा देवी, रनवीर सिंह, ओमकार, सावित्री और अखिलेश कुमारी के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए। ग्रामीणों की शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डीएम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को ढीले और जर्जर बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की सख्त हिदायत दी। किसानों से फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र पूरी कराने की अपील की। साथ ही जलभराव रोकने, स्वच्छता बनाए रखने और डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए सतर्क रहने को कहा। जनचौपाल के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान चिकित्सा, शिक्षा, समग्र शिक्षा विभाग और स्वयं सहायता समूहों के शिविर लगाए गए। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24