Loading...

डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, निर्माणाधीन कंपोजिट विद्यालय में तेजी लाने के निर्देश

Gargachary Times 3 October 2026, 20:04 72 views
Firozabad
डीएम ने विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, निर्माणाधीन कंपोजिट विद्यालय में तेजी लाने के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विकासखंड एका के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुल खड़ीत का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा सात और आठ के विद्यार्थियों से बातचीत कर पठन-पाठन की गुणवत्ता परखी और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को छात्र-छात्राओं की पढ़ाई की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। विद्यालय में पांच शिक्षक तैनात हैं और कुल 151 बच्चे पंजीकृत हैं, जिनमें निरीक्षण के दौरान 88 विद्यार्थी उपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने बच्चों को नोटबुक और टॉफियां भी वितरित कीं।इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री मॉडल निर्माणाधीन कंपोजिट विद्यालय पुल खड़ीत का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को विद्यालय का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। विद्यालय का निर्माण कार्यदायी संस्था सिडको द्वारा कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने मजदूरों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि विद्यालय का निर्माण शीघ्र पूरा हो सके। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षाधिकारी अनिल कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24