बरारी रोड पर टैंकर ने छीने दो घरों के चिराग, कुरकन्दा निवासी 12वीं के दो छात्रों की दर्दनाक मौत
Gargachary Times
4 October 2026, 19:34
36 views
Mathura
फरह। कुरकन्दा (मथुरा) शाम का वक्त था। घर में सब्जी खत्म थी तो कुरकन्दा के दो दोस्त बाइक लेकर बरारी मंडी सब्जी लेने गए थे। मां ने कहा था जल्दी आना... लेकिन वो कभी लौटकर नहीं आए।
जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर शाम करीब 6 बजे बरारी से सब्जी लेकर अपने गांव कुरकन्दा लौट रहे आशु पुत्र रामपाल और सूरज पुत्र गोकरण, निवासी कुरकन्दा की बाइक अनियंत्रित होकर टैंकर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही सांसें थम गईं।
सब्जी की थैली सड़क पर बिखरी पड़ी थी और दो होनहार सपने वहीं खत्म हो गए।
दोनों बच्चे इसी साल 12वीं कक्षा में पढ़ रहे थे। गांव वाले बताते हैं कि दोनों पढ़ने में बहुत होशियार थे, कभी किसी से लड़ाई नहीं, हर किसी के सुख-दुख में खड़े रहने वाले।
एक घर का इकलौता चिराग बुझ गया
सूरज तीन बहनों के बीच अकेला भाई था। तीनों बहनें अपने इकलौते भाई की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार करती थीं। पिता ट्रक ड्राइवर हैं, दिन-रात पहिया घुमाकर बेटे को पढ़ा रहे थे। आज कुरकन्दा में बहनों की चीखों से दीवारें तक रो पड़ीं।
दूसरे घर में भी मातम पसरा है
आशु का एक बड़ा भाई और एक बड़ी बहन है। सबसे छोटा, सबका लाडला। उसके पिता भी ट्रक ड्राइवर हैं। खबर मिलते ही पूरे कुरकन्दा गांव में मातम पसर गया। आज गांव में चूल्हे नहीं जले। स्कूल में दोनों की बेंच खाली पड़ी है।