अल-कायदा ने फ्लाईदुबई हमले के आरोपी की तारीफ की, 9/11 जैसे हमलों की अपील
Gargachary Times
4 October 2026, 20:17
37 views
International
आतंकी संगठन अल-कायदा ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में भारतीय पायलट स्मित मच्छर पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी की तारीफ की।
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, अल-कायदा से जुड़ी मैगजीन अल-बयान में लिखा गया है कि जंग अभी खत्म नहीं हुई है। अमेरिकी और इजराइली विमानों पर 9/11 जैसे हमले किए जाने चाहिए।
मैगजीन में अमेरिका, इजराइल समेत उन देशों के विमानों को निशाना बनाने की अपील की गई है, जिन्हें इस्लाम के खिलाफ माना जाता है। ये मैगजीन अरबी भाषा में प्रकाशित होती है
इस संदेश के साथ एक तस्वीर भी लगाई गई थी, जिसमें न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की ट्विन टावर्स से विमान टकराते हुए दिखाया गया था। दूसरी तस्वीर फ्लाईदुबई घटना से जुड़ी थी।
न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, मैगजीन ने यह भी लिखा है कि अमेरिका और इजराइल के दुश्मन पहले से ज्यादा हैं। इसमें अमेरिका को ‘बुराई का साम्राज्य’ बताते हुए उसके खत्म होने की बात लिखी गई है।
30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इस दौरान ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से कॉकपिट में हमला किया था और विमान को अपने कब्जे में लेकर क्रैश करने की कोशिश की थी।
भारतीय कैप्टन घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू की मदद के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया था।
फ्लाइटरडार 24 के मुताबिक, हमले के दौरान विमान करीब एक मिनट में 33 हजार फीट से 17 हजार फीट तक नीचे आ गया था।