प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
Gargachary Times
12 September 2025, 20:26
371 views
Mathura
वृन्दावन स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र के सभागार में माननीय प्रभारी मंत्री / राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग श्री संदीप सिंह जी ने बाढ़ के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अवगत कराया कि जनपद में 167.68 मीटर तक यमुना जी का जलस्तर आया था। जनपद के 58 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए तथा 18 ग्रामों के निवासियों को बाढ़ शरणालय स्थलों में शिफ्ट किया गया। उन्होंने अवगत कराया कि बाढ़ शरणालय स्थल में लगभग 5400 लोगों को सुरक्षित रखा गया तथा सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।
लगभग 12200 लंच पैकेट का वितरण किया गया। 1500 राशन सामग्री किट का वितरण किया गया है। लगभग 650 पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है तथा सभी के पर्याप्त भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। 23 मेडिकल टीम, 12 एम्बुलेंस तथा 19 वाहन खोज कार्य हेतु लगाए गए। 5 पुलिस प्रशासन की मोटर बोट लगाई गई। 31 गोताखोर की तैनाती की गई। जनपद में 25 बाढ़ शरणालय स्थल/ शेल्टर होम स्थापित किए गए है, जिसमें रूहानी आश्रम, विशाल मैरिज होम, सुबटी देवी इंटर कॉलेज, गुरुकुल विश्वविद्यालय, श्री गीता (बिरला) धर्मशाला, सुभाष इंटर कॉलेज आदि में लोगों को शिफ्ट किया गया।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जो लोग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में घरों में रुके हुए है, उनको नावों के माध्यम से खाना, पानी, दूध आदि उपलब्ध कराया गया है। बाढ़ प्रभावित परिवारों को ससमय मुआवजा प्रदान करने के लिए सभी को निर्देशित कर दिया गया है। सर्वे के कार्य के उपरांत सभी को मुआवजा दिया जाएगा।
माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए, बीमारियों को रोकने के लिए पूर्ण तैयारी की जाए, एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाए। लोगों को सफाई हेतु जागरूक किया जाए। माननीय मंत्री जी ने निर्देश दिए कि सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों के नष्ट फसलों एवं क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे ससमय पूर्ण करे तथा सभी को मुआवजा दिया जाए। उक्त कार्य में पारदर्शिता का विशेष ध्यान दिया जाए। सरकार सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है, उनकी परेशानियों को दूर करने हेतु सभी व्यवस्थाएं करने हेतु सरकार कटिबद्ध है।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, जिला विद्यालय निरीक्षक रविन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के पश्चात् मा0 प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग श्री संदीप सिंह जी ने गुरुकुल विश्वविद्यालय में स्थापित बाढ़ शरणालय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मेडिकल कैंप का जायजा लिया तथा दवाओं की जानकारी ली। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन वितरण किया तथा सभी का हाल चाल जाना। माननीय मंत्री जी ने शेल्टर होम में उपस्थित गौवंशों को हरा चारा खिलाया।
गुरुकुल विश्वविद्यालय निरीक्षण के उपरांत माननीय प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग श्री संदीप सिंह जी ने सुबटी देवी इंटर कॉलेज में स्थापित बाढ़ शरणालय स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को चिप्स, चॉकलेट, केला, बिस्किट आदि का वितरण किया। उन्होंने संपूर्ण केंद्र का अवलोकन किया, बाढ़ प्रभावित परिवारों से वार्ता की तथा सभी का कुशलक्षेम जाना।
माननीय प्रभारी मंत्री/राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग श्री संदीप सिंह जी ने वृंदावन स्थित अक्षय पात्र फाउंडेशन की रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न मशीनों का अवलोकन किया तथा बन रहे खाने एवं रोटियों को देखा।