दीनदयाल धाम में आज गूंजेंगे भजन और सुंदरकांड के स्वर, भजन सम्राट मनीष शर्मा देंगे प्रस्तुति
Gargachary Times
5 October 2026, 20:11
71 views
Mathura
फरह। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले के आगाज से पहले दीनदयाल धाम भक्तिमय हो जाएगा। मेला की पूर्व संध्या पर मंगलवार को संगीतमय सुंदरकांड और भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक पंडित मनीष शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे।
मेला समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि स्मृति महोत्सव का शुभारंभ 7 अक्टूबर को कलश यात्रा और हवन के साथ होगा। इससे एक दिन पहले 6 अक्टूबर को सेवा केंद्र परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पर शाम 6 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।
समिति के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि इसी दौरान प्रख्यात भजन गायक पंडित मनीष शर्मा अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। यह भजन संध्या रात 10 बजे तक चलेगी। चार घंटे तक अंत्योदय की इस धरा पर भक्ति की सरिता बहेगी।
उन्होंने बताया कि चार दिवसीय मेले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे मेला परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक अशोक शर्मा, महिपाल सिंह तरकर, सहसंयोजक राजदर्शन पचौरी और सम्राट शुक्ला ने सभी श्रद्धालुओं से इस भक्ति आयोजन में शामिल होने की अपील की है।