छुट्टी पर घर आए फौजी की सड़क हादसे में मौत, तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
Gargachary Times
5 October 2026, 20:18
41 views
Mathura
फरह। फरह ब्लॉक के गांव झुड़ावई में उस समय मातम पसर गया जब छुट्टी पर घर आए सेना के जवान की सड़क हादसे में मौत की खबर पहुंची। हादसा सोमवार शाम परखम गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार झुड़ावई निवासी जवान सत्यवीर सिंह सेना में तैनात थे और पिछले सप्ताह ही छुट्टी पर घर आए थे। घर में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए वह सोमवार शाम करीब 6 बजे फरह से बिजली का सामान लेकर बाइक से लौट रहे थे। तभी परखम के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉले ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान मंगलवार सुबह आर्मी अस्पताल में उन्होंने दम तोड़ दिया।
सत्यवीर की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिवार में तीन छोटी-छोटी बेटियां हैं। जवान के असमय चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।