अरांव में पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Gargachary Times
5 October 2026, 20:30
35 views
Firozabad
थाना अरांव पुलिस ने वाहन में सवारी बैठाकर चोरी-लूट करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए मुठभेड़ में वांछित आरोपी पंकज उर्फ राजा उर्फ मानवेन्द्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक 12 सितंबर को मैनपुरी निवासी रविंद्र सिंह को सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में सवारी के रूप में बैठाकर आरोपियों ने उसकी सोने की अंगूठी और पांच हजार रुपये चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना अरांव में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना में तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए।
पुलिस ने 4 अक्टूबर को आरोपी सीमान्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4,200 रुपये, तमंचा, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की थी। इसके बाद सोमवार को पुलिस को पंकज के थाना क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली।
पुलिस के अनुसार मैनपुरी-शिकोहाबाद मार्ग स्थित टोडरपुर-बोथरी बंबा के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से 4,800 रुपये, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर की पल्सर बाइक बरामद हुई।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।