Loading...

जनगणना 2027 के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू

Gargachary Times 5 October 2026, 20:32 39 views
Firozabad
जनगणना 2027 के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद, फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू
भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना को निष्पक्ष, सटीक और समयबद्ध ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विकास भवन, दबरई में मास्टर ट्रेनर्स एवं फील्ड ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ट्रेनरों को जनगणना कार्य पूरी निष्ठा, गंभीरता और सटीकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश के विकास और भविष्य की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से गणना कर्मियों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की। फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण तीन बैचों में होगा। प्रथम बैच का प्रशिक्षण 5 से 7 अक्टूबर, द्वितीय बैच 8 से 10 अक्टूबर तथा तृतीय बैच 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। स्व-गणना 16 से 30 नवंबर, जबकि फील्ड कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगा। बेघर व्यक्तियों की गणना 4 जनवरी की रात की जाएगी और पुनरीक्षण चरण 5 से 9 जनवरी 2027 तक चलेगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना अधिनियम-1948 के तहत एकत्रित आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रहेंगे। उन्होंने प्रशिक्षकों को 147 पृष्ठीय आधिकारिक जनगणना मार्गदर्शिका का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में प्रश्नोत्तर, संवाद, क्विज और परीक्षा के माध्यम से प्रतिभागियों की दक्षता भी परखी जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के लिए स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध है। इससे प्रगणकों का कार्यभार कम होने के साथ आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी कल्पना जायसवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24